आसमान साफ होते ही पारा लगातार गोता लगा रहा है। शुक्रवार रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। पारा 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। चार किमी की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। सबसे अधिक ठंडा उमरिया जिला रहा। यहां शुक्रवार देर रात दो से चार बजे के बीच न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम था। मौसम विभाग के मुताबिक अभी पारा और गिर सकता है।
छह दिन में पारे में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
जानकारी के अनुसार जबलपुर में छह दिनों में मौसम में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। रविवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था। अब 12 डिग्री सेल्सियस तापमान नीचे आ चुका है। वहीं अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हवा में नमी की मात्रा 92 प्रतिशत बनी हुई है। इस कारण धूप में भी लोगों को ठंड का असर हुआ।
रविवार | 18.0 डिग्री सेल्सियस |
सोमवार | 16.2 डिग्री सेल्सियस |
मंगलवार | 15.3 डिग्री सेल्सियस |
बुधवार | 14.4 डिग्री सेल्सियस |
गुरुवार | 8.3 डिग्री सेल्सियस |
शुक्रवार | 5.9 डिग्री सेल्सियस |
और बढ़ेगी सर्दी
मौसम विज्ञान केंद्र में सहायक वैज्ञानिक देवेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि अभी तीन-चार दिन आसमान साफ रहेगा। हवा की दिशा उत्तरी होने से तापमान में गिरावट आई है। अभी सर्दी का असर बढ़ेगा। आने वाले दो दिनों में जिले में रात के तापमान में और गिरावट आएगी। यह पांच के नीचे जा सकता है। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के मनीष भांग के मुताबिक टमाटर सहित मटर पाला लग सकता है। इससे बचाव के लिए खेतों में हल्की सिंचाई कर लें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today