एविएशन मैप पर अब राजा भोज एयरपोर्ट एक और नए शहर कोलकाता से जुड़ गया है। बुधवार को इंडिगो की पहली फ्लाइट 6E 434 दोपहर 1 बजकर 28 मिनट पर लैंड हुई। इस विमान से 149 यात्री भोपाल एयरपोर्ट पर उतरे। फ्लाइट के रन-वे पर पहुंचने के बाद इंडिगो स्टॉफ और एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। दोपहर तीन बजे इंडिगो की 6E 435 फ्लाइट 63 यात्रियों के साथ कोलकाता के लिए रवाना हुई।

वहीं इंडिगो ने लखनऊ के लिए भी आज से नई उड़ान शुरू की, फ्लाइट के पहले दिन के संचालन के साथ ही इसे बंद करने की घोषणा भी कर दी गई। एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल विक्रम ने बताया कि 17 सितंबर यानि गुरुवार से इंडिगो ने अपनी लखनऊ फ्लाइट को डिस-कंटीन्यू करने की सूचना दी है, लेकिन इसके पीछे की कोई वजह नहीं बताई है। वहीं इंडिगो के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ रूट पर यात्रियों की पर्याप्त संख्या नहीं होने कारण कंपनी इस हवाई सेक्टर में एटीआर के साथ संचालन करने के बारे में विचार कर रही है।
हालांकि आधिकारिक तौर पर इस फ्लाइट के बंद होने के बारे में इंडिगो की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। बुधवार को आई इंडिगो की लखनऊ फ्लाइट 6E-6133 शाम को 5.25 बजे 74 यात्रियों के साथ आई और शाम 6.25 बजे 6E-6134 फ्लाइट 54 यात्रियों के साथ रवाना हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today