मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना विस्फोट हुआ है। एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 301 नए केस सामने आए। यह एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों के मिलने का आंकड़ा है। इससे पहले, एक दिन पहले सबसे ज्यादा 291 संक्रमित आए थे। इस महीने बीते 18 दिन में सिर्फ 2 बार ही संक्रमितों की संख्या 200 से कम आई है। इधर, त्रिलंगा गुलमोहर व्यापारी संघ ने कहा कि वे दुकानें अब रात 8.30 की जगह साढ़े 9.30 बजे बंद करेंगे। इसके बाद पुलिस ने अब रात में सख्ती करना शुरू कर दिया है।

इंदौर से सिर्फ 4 हजार कम
भोपाल में शनिवार को 301 नए केस आने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या 15757 हो गई है। इंदौर के 19 हजार के मुकाबले हम करीब चार केस ही कम हैं। इसके कारण 368 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि शुक्रवार को 5 और लोगों ने जान गंवाई। 12 हजार 243 लोग ठीक हो चुके हैं। राजधानी में मरीजों के ठीक होने का रिकवरी रेट 78.84% है। बीते 24 घंटे में 287 मरीज ठीक होकर घर गए।

हर दिन औसतन 218 नए केस
राजधानी में अनलॉक-5 के बाद से सिर्फ मंदिर और सिनेमा हॉल को छोड़कर सभी कुछ सामान्य रूप से चलने लगा है। मंदिरों में अभी भी पांच लोगों की अनिवार्यता है। एक सितंबर से 19 सितंबर तक कुल 4143 नए केस आए। इसके मुताबिक, हर दिन औसतन करीब 218 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। इस दौरान 73 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है। हर दिन करीब 4 लोग राजधानी में दम तोड़ रहे हैं।
प्रशासन ने गरबा और चल समारोह पर रोक लगाई
राजधानी समेत प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब प्रदेश में दुर्गा महोत्सव पर गरबा समेत सभी तरह के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगा दी है। झांकी में प्रतिमा और पंडाल की ऊंचाई और आकार तय कर दिया है। इसका मूर्ति संघ ने विरोध भी शुरू कर दिया है। मूर्तिकारों का कहना है कि अब तक मूर्ति लगभग तैयार हो चुकी हैं, ऐसे में ऊंचाई तय करना गलत है।
इससे उन्हें बड़ा नुकसान होगा। इतने कम समय में तो नई मूर्तियां भी तैयार नहीं की जा सकती हैं। इधर, प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा कि सभी दुकानें रात 8 बजे तक खोलने की अनुमति होगी। इसमें रेस्टोरेंट, मेडिकल, राशन, भोजनालय और खानपान से संबंधित दुकानें 8 बजे के बाद निर्धारित समय तक खुल सकती है। रात 10:30 बजे से सुबह 6:00 बजे तक बिना किसी कारण के घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी संघ ने समय बढ़ाया
त्रिलंगा गुलमोहर व्यापारी संघ के अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने बताया कि बाजार को मंगलवार को बंद करने का निर्णय लिया गया है। दुकानें के खुलने के समय कुछ बढ़ोतरी की गई है। अब दुकानें प्रतिदिन रात 8.30 बजे की जगह 9.30 बजे बंद की जाएंगी। भोपाल का न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट रात साढ़े 8 बजे तक और थोक किराना बाजार शाम 7 बजे बजे बंद होगा।
सितंबर में कोरोना की रफ्तार
दिन | नए केस | मौतें | कुल संक्रमित |
19 सितंबर | 301 | – | 15757 |
18 सितंबर | 291 | 5 | 15456 |
17 सितंबर | 265 | 8 | 15165 |
16 सितंबर | 245 | 5 | 14900 |
15 सितंबर | 280 | 5 | 14755 |
14 सितंबर | 210 | 4 | 14475 |
13 सितंबर | 234 | 3 | 14265 |
12 सितंबर | 265 | 3 | 14031 |
11 सितंबर | 216 | 3 | 13766 |
10 सितंबर | 206 | 7 | 13550 |
9 सितंबर | 262 | 4 | 13344 |
8 सितंबर | 242 | 3 | 13082 |
7 सितंबर | 234 | 4 | 12840 |
6 सितंबर | 220 | 4 | 12606 |
5 सितंबर | 229 | 3 | 12386 |
4 सितंबर | 182 | 5 | 12157 |
3 सितंबर | 253 | 4 | 11975 |
2 सितंबर | 209 | 3 | 11722 |
1 सितंबर | 199 | 5 | 11513 |
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today