एमवाय अस्पताल इंदौर में कल मरीज के एक अटेंडर के साथ डॉक्टरों ने जमकर मारपीट की। इमरजेंसी वार्ड में ही उन्होंने मरीज के अटेंडर की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। मार खाने वाले अटेंडर के साथ एक युवती भी थी, जो अपने रिश्तेदार को डॉक्टरों से बचाती रही। हालांकि डॉक्टर नहीं माने। उन्होंने महिला से भी मारपीट की। डॉक्टरों की मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल यानी एमवाय में मरीज और डॉक्टर के बीच रिश्ते कभी अच्छे नहीं रहे। मरीजों के अटेंडर और डॉक्टरों के बीच विवाद यहां आम बात है। डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अक्सर मरीजों के अटेंडर विवाद करते हैं। डॉक्टर भी जवाब देने से नहीं चूकते। कल शाम भी ऐसा ही एक मामला अस्पताल में हुआ। दरअसल ऑर्थो विभाग ओपीडी बिल्डिंग के इमरजेंसी वार्ड में एक युवक के साथ चार-पांच डॉक्टरों ने बेरहमी से मारपीट की। उस युवक के साथ एक लड़की भी थी। दरअसल पहले युवक और लड़की दोनों ही डॉक्टर से किसी बात पर बहस कर रहे थे। बहस ने थोड़ी ही देर में
विवाद का रूप ले लिया और डॉक्टर ने मारपीट शुरू कर दी । उन्होंने युवक को जमीन पर गिरा कर लात घूंसो से जमकर पीटा। युवक के साथ नजर आ रही लड़की ने डॉक्टर का विरोध किया तो उस पर भी
डॉक्टर ने हाथ साफ कर दिए । वहीं खड़े किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बना लिया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है मार खाने वाला युवक एक मरीज का अटेंडर था
और लड़की उसकी रिश्तेदार। हालांकि उनके नाम और पते पता नहीं लग पाए हैं। डॉक्टर से उनका विवाद किस बात पर हुआ इस बात का भी खुलासा नहीं हुआ है। इधर डॉक्टर्स के बारे में बताया जा रहा
है कि सभी जूनियर डॉक्टर है। एक साथी के साथ विवाद होने पर बाकी वहां जमा हो गए थे और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी थी। इस मामले में अब तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today