नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस का एंटी माफिया अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। छोटी दीपावली के अगले दिन निगम दल-बल के साथ चंदन नगर और गांधी नगर में गुंडों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने पहुंची। टीम ने चंदन नगर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर असलम उर्फ मोटा के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। वहीं, गांधी नगर में संजू राठौर और राजकुमार खटीक के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी अनुसार हिस्ट्रीशीटर असलम पर एनएसए, आबकारी और लूट जैसे 23 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। चन्दन नगर क्षेत्र में उसने नाले की जमीन पर कब्जा कर दो मंजिला अवैध मकान बना लिया था। इसके अलावा इसी क्षेत्र में उसने एक और निर्माण कर लिया था। निगम की टीम सुबह 100 से ज्यादा निगमकर्मी और पुलिस बल के साथ जेसीबी और पोकलेन मशीन लेकर पहुंची और सबसे पहले नाले किनारे बने निर्माण को ध्वस्त किया।

निगम अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि गुंडों के अवैध निर्माण तोड़ने के खिलाफ चल रही पुलिस-प्रशासन और निगम की कार्रवाई के तहत गुरुवार को तीन बदमाशों के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। चंदन नगर के ई सेक्टर में हिस्ट्रीशीटर असलम उर्फ मोटा के दो मकान के अवैध हिस्सों को ढहाया गया है। असलम ने नदी किनारे की जमीन पर कब्जा कर मकान खड़ा कर लिया था। ना इसकी कोई परमिशन थी और ना कोई मालिकाना हक था। इसके बाद भी इसने निर्माण कर लिया था। इसके अलावा गांधी नगर में दो गुंडों के अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया है। निगम ने यहां संजू राठौर और राजकुमार खटीक के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई है।

बता दें कि पुलिस ने 15 बड़े गुंडे और माफियाओं की लिस्ट बनाई है। निगम के साथ मिलकर इन पर कार्रवाई की जा रही है। इसके पहले साजिद चंदनवाला, जीतेंद्र उर्फ नानू तायड़े, मनोहर वर्मा, अश्विन सिरोलिया, अरुण वर्मा, लकी वर्मा, गुंडे रवि काला और नाबालिगों के शोषण के आरोपी प्यारे मियां के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जा चुकी है। इतना ही नहीं प्रशासन ने कम्प्यूटर बाबा और उनके करीबी रमेश तोमर के अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today