मप्र की सबसे हाॅट सीट सांवेर में अपनी जीत पक्की मानकर चल रही भाजपा में पहले राउंड ने परिणामों ने ही जाेश भर दिया। पहले राउंड में 3 हजार की लीड मिलते ही भाजपाइयों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। पांचवें राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट अन्य नेताओं के साथ काउंटिंग सेंटर से बाहर आए और विजयी साइन दिखाया। उधर, भाजपा दफ्तर में जीत का जमकर जश्न मना। महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर यहां डांस किया।


हालांकि मतगणना के पहले ही चौराहों पर तुलसी सिलावट को जीत की बधाई देते पोस्टर नजर आने लगे थे। भाजपा प्रत्याशी सिलावट सुबह से ही स्टेडियम पहुंचे गए थे। उनके साथ नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, राजेश सोनकर सहित कई नेता वोटिंग स्थल पर मौजूद थे। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू दोपहर तक भी मतगणना स्थल पर नहीं पहुंचे। गुड्डू ही नहीं कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता सुबह स्टेडियम में नजर नहीं आया।


सिलावट की घर पर पत्नी ने उतारी आरती फिर पहुंचे स्टेडियम
सांवेर से भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट ने सुबह पत्नी के साथ भगवान गणेश के दर्शन किए। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन करवाया। हाथों में कमल का फूल लिए सिलावट की पत्नी ने आरती उतारी। घर से निकलने के पहले कलश लिए खड़ी कन्याओं का भी पूजन किया।


एक नजर सांवेर सीट पर
- 2 लाख 10 हजार 707 वोटों की गिनती होना है।
- 1 लाख 12 हजार 586 पुरुष वोट हैं।
- 98 हजार 121 महिला वोट हैं।
- 28 राउंड गिनती।
- 15 मिनट लगेंगे हर राउंड में।
- 14 ईवीएम के वोट गिने जाएंगे हर राउंड में।
- 380 कुल मतदान केंद्र हैं।
- 13 प्रत्याशी हैं मैदान में। एक नोटा के भी वोट गिने जाएंगे।









Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today