ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन तैयार करने का काम रोक दिया। यह वैक्सीन यूनिवर्सिटी ऑफ क्वीन्सलैंड और बायोटेक कंपनी सीएसएल एकसाथ मिलकर तैयार कर रही थी। पहले स्टेज के ट्रायल में वैक्सीन लेने के बाद कुछ लोगों में HIV एंटीबॉडी डेवलप होने की बात सामने आई। इसके बाद इसे नहीं बनाने का फैसला लिया गया। सरकार ने इस वैक्सीन के 5.1 करोड़ डोज खरीदने का ऑर्डर भी कैंसिल कर दिया है। यह वैक्सीन ऑस्ट्रेलिया में तैयार की जा रही चार वैक्सीन्स में से एक थी।
वहीं, अमेरिका में बुधवार को तीन हजार लोगों की संक्रमण से मौत के बाद सरकार पर दबाव बढ़ गया है। यहां प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन के एडवाइजर ने लोगों से क्रिसमस पार्टियों से दूर रहने को कहा है। जर्मन सरकार भी दबाव में है। यहां मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन लोग प्रतिबंधों के लिए तैयार नहीं हैं। सरकार अब सख्त रुख अपनाने जा रही है।
इस बीच दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 7.06 करोड़ के ज्यादा हो गया। 4 करोड़ 91 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 15 लाख 87 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

अमेरिका में इस बार क्रिसमस पार्टियां नहीं
प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन ने कुछ दिन पहले कोरोनावायरस एडवाइजरी बोर्ड बनाया है। इसके हेड डॉक्टर माइकल ओस्टरहोम ने CNN से कहा- यह मतलब बिल्कुल न निकालें कि कोरोना तीन से छह हफ्ते में खत्म हो जाएगा। मैं सिर्फ आगाह कर रहा हूं कि मामले और नुकसान इस दौरान बढ़ सकता है।
वैक्सीन कब और कैसे मिलेगी, यह कुछ दिन में साफ हो जाएगा। आम लोगों को बड़े पैमाने पर यह मार्च या अप्रैल में मिल पाएगी। हेल्थ केयर वर्कर्स और नर्सिंग होम को यह पहले दी जाएगी। मैं बस इतना चाहता हूं कि अमेरिकी सोशल डिस्टेंसिंग रखें और मास्क पहनें। देश में कोई क्रिसमस पार्टी नहीं होनी चाहिए।

अमेरिका के एल पासो में बुधवार को कोविड-19 से संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका एक रिश्तेदार उसे अंतिम विदाई देता हुआ।
थैंक्सगिविंग डे भारी पड़ा
अमेरिका में बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 3260 मौतें हुईं। यह महामारी शुरू होने के बाद का एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसकी मुख्य वजह पिछले हफ्ते खत्म हुई थैंक्सगिविंग डे की छुट्टियां हैं। इस दौरान लाखों लोग यात्रा पर निकले। खूब पार्टियां और सोशल गैदरिंग हुई। सरकार की वार्निंग को लोगों ने नजरअंदाज कर दिया। मामले भी बढ़े और मौतें भी।
तैयार होगा एस्ट्रेजेनेका और रूसी वैक्सीन का कॉम्बिनेशन
ब्रिटेन की फार्मा कंपनी एस्ट्रेजेनेका अपने वैक्सीन को रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन के साथ मिलाकर टेस्ट करेगी। एस्ट्रेजेनेका ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। रूस के एक वैज्ञानिक ने पिछले महीने ट्वीट कर ऐसा करने की सलाह दी थी। साइंटिस्ट का दावा है कि ऐसा करने पर वैक्सीन का असर बढ़ जाएगा। एस्ट्रेजेनेका के मुताबिक रूस उसे अपना वैक्सीन देने के लिए तैयार है।
फ्रांस की राह पर चलेगा जर्मनी
फ्रांस ने 6 हफ्ते के सख्त लॉकडाउन के बाद हालात संभाले और दो हफ्ते पहले जहां हर दिन 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे थे, इन्हें 10 या 11 हजार तक सीमित कर लिया। लोगों ने सरकार का सहयोग भी किया। अब जर्मनी की एंजेला मर्केल सरकार बर्लिन से पाबंदियों की शुरुआत करने जा रही है। यहां आज या कल में सभी दुकानें यानी बाजार बंद किए जा सकते हैं। स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई जा सकती हैं। मेयर माइकल मुलर ने इसकी पुष्टि की है। माना जा रहा है कि शुरुआत में प्रतिबंध दो हफ्ते के लिए लगाए जाएंगे। सरकार लॉकडाउन शब्द से परहेज कर रही है।

ब्राजील में हकीकत कुछ और
WHO ने तमाम देशों से संक्रमण को रोकने के लिए सख्त उपाय करने को कहा है। ब्राजील में सरकार गाइडलाइन्स का पालन कराने में नाकाम रही है। हालात यह हैं कि बुधवार को यहां 53 हजार 453 मामले दर्ज किए गए। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये तो वे आंकड़े हैं जो सामने आए हैं। हकीकत में संख्या इससे काफी ज्यादा हो सकती है। देश में अब तक कुल 6 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। 1.78 लाख से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 16,039,796 | 2,99,692 | 93,30,865 |
भारत | 97,96,992 | 1,42,222 | 9,290,188 |
ब्राजील | 6,783,543 | 179,801 | 5,931,777 |
रूस | 2,569,126 | 45,280 | 2,033,669 |
फ्रांस | 2,337,966 | 56,940 | 174,658 |
इटली | 17,70,149 | 61,240 | 9,58,629 |
यूके | 1,787,783 | 63,082 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 17,15,700 | 46,646 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 14,69,919 | 40,009 | 13,05,587 |
कोलंबिया | 13,84,610 | 38,158 | 12,78,326 |
(आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं)
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें