बिहार में तीसरे फेज की वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं। अभी तक तीन चैनलों के आंकड़े सामने आए हैं। C वोटर-एबीपी और C वोटर-टाइम्स नाउ के मुताबिक, बिहार में त्रिशंकु विधानसभा के बनने के आसार दिख रहे हैं। वहीं, जन की बात-रिपब्लिक TV के सर्वे में तेजस्वी सरकार बन सकती है। हालांकि, एनडीए और महागठबंधन के बीच सीटों का अंतर बहुत कम रहेगा।
एबीपी के मुताबिक, NDA को-104 से 128, महागठबंधन को 108 से 131 और अन्य को 5 से 11 सीटें मिल सकती हैं। वहीं टाइम्स नाउ के मुताबिक, NDA को 116 और महागठबंधन को 120 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, अन्य के खाते में 7 सीटें जा सकती हैं। जन की बात-रिपब्लिक TV के सर्वे में एनडीए को 91 से 117, महागठबंधन को 118 से 138 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 8 से 14 सीटें मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री के लिए कौन पसंद
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडियाः सीएम के लिए तेजस्वी यादव 44% लोगों की पसंद है। 33% लोगों ने नीतीश कुमार को अपनी पसंद बताया है। वहीं, चिराग पासवान के नाम पर सिर्फ 7% लोगों ने ही अपनी सहमति जताई है।
2015 में क्या रहे थे नतीजे?
2015 के चुनाव में सबसे ज्यादा 25% वोट शेयर भाजपा का था, लेकिन सीटें 53 ही जीत सकी थी। 2010 के मुकाबले भाजपा का वोट शेयर 8% तक बढ़ा था, लेकिन सीटें घट गई थीं। 2010 में भाजपा ने 16.5% वोट शेयर के साथ 91 सीटें जीती थीं।
महागठबंधन के साथ लड़े नीतीश की जदयू 17.3% वोट शेयर के साथ 71 सीटें ही जीत सकी थी। वहीं, 18.8% वोट हासिल करने वाली राजद को 81 सीटें मिली थीं। फिलहाल, बिहार विधानसभा में एनडीए के पास 130 सीटें हैं। बहुमत से 8 ज्यादा। सबसे ज्यादा 69 सीटें जदयू के पास और भाजपा के पास 54 सीटें हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें