कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने गुरुवार को केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं के साथ विजय चौक से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की कोशिश की। पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी थी, इसके बावजूद मार्च निकाला तो प्रियंका को हिरासत में ले लिया गया।
उधर, राहुल किसानों के मुद्दे पर गुलाम नबी आजाद के साथ राष्ट्रपति से मिले और उनसे किसानों के मामले में दखल की मांग की। इस मुलाकात के बाद राहुल ने मीडिया से बात की। प्रियंका को हिरासत में लिए जाने पर राहुल ने कहा, “मोदी के खिलाफ खड़ा होने की कोशिश करने वाले को आतंकी करार दे दिया जाएगा, भले ही मोहन भागवत ही क्यों न हों।”
प्रियंका बोलीं- किसानों को देशविरोधी कहने वाली सरकार पापी
प्रियंका ने कहा, “भाजपा नेता और समर्थक किसानों के लिए जो शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं, वह पाप है। अगर सरकार किसानों को देश विरोधी कहती है तो, सरकार पापी है। किसानों की समस्या का हल तब निकलेगा, जब सरकार उनका आदर करेगी। इस सरकार के खिलाफ किसी भी तरह के असंतोष को आतंक के नजरिए से देखा जा रहा है।” प्रियंका ने कहा, “कभी वे कहते हैं कि हम इतने कमजोर हैं कि विपक्ष के लायक ही नहीं। कभी कहते हैं कि हम इतने ताकतवर हैं कि हमने दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के लिए लाखों कैंप बना दिए। पहले उन्हें तय करना चाहिए कि हम क्या हैं?”
राहुल ने किसान-युवा-रोजगार-चीन का मुद्दा उठाया
- किसान पर बोले: राष्ट्रपति भवन से निकलने के बाद राहुल ने कहा कि किसान, छोटे व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। अगर कृषि व्यवस्था को छेड़ा जाएगा, तो इसका असर पूरे देश पर पड़ेगा इसलिए ऐसे कानूनों को वापस लेना चाहिए। प्रधानमंत्री सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।
- युवाओं और रोजगार पर कहा: राहुल ने कहा, “आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है। पीटना और हिरासत में लेना इस सरकार का काम बन गया है। सरकार की इन नीतियों की वजह से देश में किसी युवा को नौकरी नहीं मिलेगी। छोटे व्यापार खत्म हो जाएंगे। मोदी क्रोनी कैपिटलिस्ट के लिए पैसा बना रहे हैं।”
- चीन मामले पर बोले: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि चीन अभी तक बॉर्डर पर है। उसने भारत की हजारों किलोमीटर जमीन छीन ली है। प्रधानमंत्री इस बारे में क्यों नहीं बोलते? आपके पास एक अक्षम व्यक्ति है जिसे कोई समझ नहीं और वह 3-4 दूसरे लोगों के हिसाब से सिस्टम को चला रहा है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें