अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के तीन दिन बाद भी हार-जीत साफ नहीं हो सकी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प हार मानने को तैयार नहीं हैं। वे काउंटिंग रोकने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल रिपब्लिकन 2 और डेमोक्रेट 3 राज्यों में आगे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, बाइडेन को अब तक 253 और ट्रम्प को 214 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। राष्ट्रपति बनने के लिए 270 का आंकड़ा चाहिए।
इस बीच फिलाडेल्फिया में काउंटिंग सेंटर के बाहर से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह सेंटर पर हमला करने के इरादे से आया था।
5 राज्यों में मामला फंसा है, रुझानों जैसे ही नतीजे आए, तब भी बाइडेन की जीत पक्की नजर आ रही
ट्रम्प | बाइडेन | |
मौजूदा स्थिति | 214 | 253 |
राज्य जहां के नतीजे बाकी हैं, लेकिन रुझान आ चुके हैं | ||
पेन्सिलवेनिया | 20 वोट (ट्रम्प आगे) | – |
नॉर्थ कैरोलिना | 15 वोट (ट्रम्प आगे) | – |
जॉर्जिया | – | 16 वोट (बाइडेन आगे) |
एरिजोना | – | 11 वोट (बाइडेन आगे) |
नेवादा | – | 6 वोट (बाइडेन आगे) |
अगर नतीजे ऐसे ही रहे तो | +35 | +33 |
फाइनल आंकड़ा क्या हो सकता है | 249 | 286 |
ट्रम्प के भाषण का लाइव टेलीकास्ट रोका गया
चुनाव नतीजे सामने आने के बाद ट्रम्प ने पहली बार व्हाइट हाउस से बयान दिया। इसे कवर करने के लिए मीडिया भी मौजूद था। ट्रम्प ने जैसे ही अपनी बात रखना शुरू की, वे झूठे दावे करने लगे। उन्होंने कहा, ‘चुनाव नतीजे मेरे खिलाफ चल रही साजिश का नतीजा हैं। डेमोक्रेट्स को अवैध वोट मिल रहे हैं। वे मुझसे चुनावी जीत छीनने की कोशिश कर रहे हैं। अगर लीगल वोट्स की गिनती की जाए तो मैं आसानी से जीत जाऊंगा। अब तक बैलेट्स गिने जा रहे हैं, मतलब चुनावों में धांधली हो रही है। सीक्रेट काउंटिंग चल रही है।’
ट्रम्प ने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया। वे 17 मिनट बोले और इसी तरह के झूठे दावे करते रहे। अमेरिका के तीन प्रमुख न्यूज चैनलों ABC, NBC और CBS ने इसे देश की स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया के खिलाफ माना और व्हाइट हाउस से ट्रम्प का लाइव कवरेज रोक दिया।
- 9 ग्राफिक्स में US इलेक्शन:बाइडेन को 56% और ट्रम्प को 43% महिलाओें के वोट मिले, 87% अश्वेतों का बाइडेन को समर्थन
आज 5 राज्यों पर नजर
- एरिजोना : दो काउंटीज मेरीकोपा और पाइमा में काउंटिंग जारी है। यहां बाइडेन को अब तक 69 हजार, जबकि ट्रम्प को 46 हजार वोट मिले हैं।
- जॉर्जिया : यहां गुरुवार को ट्रम्प 18 हजार वोट से आगे थे। अब बाइडेन आगे हैं।
- नेवादा : यहां भी करीबी मुकाबला था। बाइडेन आगे निकल चुके हैं।
- पेन्सिलवेनिया : ट्रम्प आगे हैं।
- नॉर्थ कैरोलिना : ट्रम्प लीड ले चुके हैं।
17 साल की पर्यावरणविद की ट्रम्प को सलाह
स्वीडन की 17 साल की पर्यावरणविद ने ट्रम्प पर निशाना साधा। काउंटिंग बंद करने की ट्रम्प की अपील पर ट्वीट किया, ‘ये बेहूदा है। ट्रम्प को अपने गुस्से की समस्या पर काम करने की जरूरत है। इसके बाद उन्हें अपने दोस्त के साथ फिल्म देखने जाना चाहिए। ट्रम्प, चिल कीजिए।’
So ridiculous. Donald must work on his Anger Management problem, then go to a good old fashioned movie with a friend! Chill Donald, Chill! https://t.co/4RNVBqRYBA
— Greta Thunberg (@GretaThunberg) November 5, 2020
ट्रम्प को कोर्ट से भी झटका
मिशिगन की एक स्थानीय अदालत ने रिपब्लिकन पार्टी की काउंटिंग रोकने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। बुधवार देर रात जज ने कहा- कानूनी तौर पर काउंटिंग रोकना सही नहीं है। एब्सेंटी बैलट की टैली तैयार की जा चुकी है। इसको कोई भी देख सकता है। गिनती सही तरीके से चल रही है। राज्य के किसी भी हिस्से में वोटों की गिनती रोकने का कोई सवाल ही नहीं उठता। ट्रम्प कैम्पेन का दावा है कि मिशिगन में एब्सेंटी बैलट के लिए जो एक हजार बॉक्स लगाए गए थे, उनमें फर्जी वोट्स भी हैं। लिहाजा, इनकी गिनती न की जाए।
- दूसरी बार राष्ट्रपति बनेंगे ट्रम्प? इस बार हारे तो 2024 में ट्रम्प फिर लड़ेंगे चुनाव, तब तक बाइडेन की उम्र के हो जाएंगे
ट्रम्प को अपनी ही पार्टी में समर्थन नहीं
ट्रम्प चुनावी धांधली का आरोप लगा रहे हैं। लेकिन, अब उनकी ही पार्टी के लोग इससे सहमत नहीं। उटाह के सीनेटर मिट रोमनी ने कहा- लोकतंत्र में हर वोट की गिनती जरूरी है। लोकतंत्र, संविधान और अमेरिकी लोगों पर भरोसा रखें। काउंटिंग बंद करने की कोई जरूरत नहीं है। सीनेटर पैट टूमी ने कहा- पेन्सिलवेनिया में कानूनी तौर पर हुई वोटिंग का हर वोट गिना जाना चाहिए, चाहे यह प्रॉसेस कितनी ही लंबा क्यों न हो। आखिर में हर पार्टी को नतीजों को स्वीकार करना चाहिए। फिर वे चाहे जीतें या हारें।
- US इलेक्शन नॉलेज: अगर ट्रम्प ने हारने के बावजूद व्हाइट हाउस छोड़ने से इनकार कर दिया तो क्या होगा?
‘वोटों की चोरी रोको…’
नतीजों को लेकर ट्रम्प के समर्थक गुस्से में हैं। अमेरिका के कई शहरों में वे प्रदर्शन कर रहे हैं। फीनिक्स में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। ट्रम्प समर्थकों ने बैनर और झंडे लेकर नारेबाजी की। एक नारा था- वोटों की चोरी रोको। इस दौरान कुछ लोग हाथ में रायफल और गन लिए नजर आए।

ट्रम्प के एक बुजुर्ग समर्थक डेल विलियम्स ने कहा- साफ तौर पर हमारे मतों की चोरी हुई है। मेरे हिसाब से ट्रम्प एरिजोना आसानी से जीते हैं। वे पूरा जीत चुके हैं, लेकिन डेमोक्रेट्स धांधली से उन्हें रोकना चाहते हैं। वहीं, बाइडेन समर्थक काउंटिंग के पक्ष में हैं। उनका कहना है कि हर वोट की गिनती जरूरी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें