देश में इलाज करा रहे कोरोना के मरीजों की संख्या में 17 सितंबर से अब तक 4.77 लाख की कमी आई है। तब यह आंकड़ा 10.17 लाख के पीक पर था, अब 5.40 लाख है। तब रोजाना 90 से 95 हजार मरीज मिल रहे थे, अब यह संख्या घटकर 40 से 50 हजार के आसपास हो गई है। हर 10 दिन में नए केस में करीब 10 हजार तक की कमी आ रही है।
महामारी की रफ्तार ऐसे ही कम हुई तो हो सकता है कि दिसंबर के आखिरी में नए केस आना बंद हो जाएं या एक्का-दुक्का आएं। ऐसा हुआ तो जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में एक्टिव केस भी लगभग न के बराबर हो जाएंगे। हालांकि, यह तभी संभव है, जब संक्रमण की दूसरी लहर न आए, इसे काबू करने की कोशिशें और बेहतर हों, साथ ही लोग पूरी सावधानी बरतें।
रिकवरी रेट बढ़कर 92% हुआ
इस बीच, रिकवरी रेट बढ़कर 92% हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संक्रमण का ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 8% से घटकर 7.4% हो गया है। वीकली पॉजिटिविटी रेट भी 5.2% से कम होकर 4.4% और डेली पॉजिटिविटी रेट 3.7% हो गया है। देश में अब तक 82.66 लाख केस आ चुके हैं, 76 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.23 लाख संक्रमित इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं।
अक्टूबर की तुलना में इन 4 राज्यों में केस फिर से बढ़ने लगे
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि अक्टूबर के मुकाबले मणिपुर, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से एक्टिव केस की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। मणिपुर में अक्टूबर की शुरुआत में 2 हजार एक्टिव केस थे जो अब 3500 हो गए हैं।
दिल्ली में 26 हजार से बढ़कर 33 हजार, केरल में 77 हजार से 86 हजार और पश्चिम बंगाल में 26 हजार से बढ़कर 36 हजार एक्टिव केस हो गए हैं। इसे रोकने के लिए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट पर फोकस करना होगा।

कोरोना अपडेट्स
-
कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजस्थान के बाद अब ओडिशा सरकार ने भी पटाखों की खरीददारी और बिक्री पर रोक लगा दी है। ये रोक 10 से 30 नवंबर तक लगी रहेगी। सरकार ने इस बाबत नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
-
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि 21 नवंबर से राज्य में 10वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए फिर से स्कूल खुल जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए गाइडलाइन का पालन होगा।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कोरोना से लड़ाई के लिए देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रेनिंग दी गई थी। अभी भी ये ट्रेनिंग प्रोग्राम जारी है। iGOT प्लेटफार्म के तहत सभी कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई है।
सोमवार को 37 हजार संक्रमित मिले
सोमवार को 37 हजार 592 संक्रमित मिले, 58 हजार 524 मरीज ठीक हो गए और 497 की मौत हो गई। इससे एक ही दिन में 21 हजार 443 एक्टिव केस कम हुए। ये नए केस का 58% हैं। प्रतिशत के हिसाब से 12 अक्टूबर के बाद यह दूसरी बड़ी गिरावट है। इससे पहले 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे, जबकि 28 हजार 241 एक्टिव केस कम हुए थे। यह आंकड़ा नए केस का 78% था और 12 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा था।
21 जुलाई के बाद यह दूसरा मौका था जब 40 हजार से कम केस आए। 21 जुलाई को 39 हजार 170 केस आए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे। 12 अक्टूबर के बाद छह बार 20 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को कोरोना के 635 नए मरीज मिले। 868 लोग रिकवर हुए और सात मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 72 हजार 717 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 8298 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 61 हजार 454 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2965 मरीजों की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
राज्य में कोरोना मरीजों का आंकड़ा दो लाख के पार हो गया है। सोमवार को 1748 लोग संक्रमित मिले। इसी के साथ कुल केस 2 लाख 495 हो गए। इनमें से 15 हजार 889 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 82 हजार 680 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1926 मरीजों की मौत हो चुकी है।

3. बिहार
राज्य में सोमवार को 577 नए मरीज मिले, 974 ठीक हुए और चार की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 18 हजार 118 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7036 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 9 हजार 980 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1101 मरीजों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
सोमवार को महाराष्ट्र में 4009 नए संक्रमित मिले। 10 हजार 225 संक्रमित ठीक हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 87 हजार 784 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 18 हजार 777 मरीजों का इलाज चल रहा है, 15 लाख 24 हजार 304 ठीक हो चुके हैं। अब तक 44 हजार 128 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
प्रदेश में सोमवार को 1788 कोरोना पॉजिटिव मिले, 2040 मरीज ठीक हो गए, जबकि 35 मरीजों की मौत हो गई। अब 23 हजार 35 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.5% है। प्रदेश में कुल 7073 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य आलोक कुमार ने बताया कि लगातार सातवें हफ्ते एक्टिव मरीजों की संख्या में कमी दिखी है। कुल एक्टिव मरीजों में से 10 हजार 177 होम आइसोलेशन में हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें