1 लाख परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य:अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद का मालवा में घर-घर संपर्क अभियान, गुरु पूर्णिमा से विजयादशमी तक चलेगा
AdminJuly 26, 2026
उज्जैन के मक्सी रोड स्थित प्रसंग मैरिज गार्डन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की दो दिवसीय मालवा प्रांत बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में अगले छह महीने के कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 'हिंदू ही आगे' नामक एक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से विजयादशमी तक चलेगा। इसके तहत मालवा प्रांत में एक लाख परिवारों तक पहुंच कर उनसे संपर्क स्थापित किया जाएगा। संगठन के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य लोगों को धर्म और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही, घर-घर से एक मुट्ठी अनाज एकत्र किया जाएगा, जिसे बाद में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। सामाजिक गतिविधियों के तहत विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क ब्लड प्रेशर और शुगर जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने प्रत्येक गांव और वार्ड में हनुमान चालीसा केंद्र शुरू करने तथा नई समितियों का गठन कर संगठन को और सुदृढ़ करने की भी योजना बनाई है। आगामी छह महीनों के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इनमें गुरु पूर्णिमा उत्सव, 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस, शस्त्र पूजन, गणेश उत्सव के दौरान 'माय फ्रेंड गणेशा' अभियान और गुरु पूर्णिमा पर साधु-संतों का सम्मान जैसे आयोजन शामिल हैं। संगठन विस्तार के क्रम में कई नई नियुक्तियां भी की गईं। अभिषेक चौहान को राष्ट्रीय बजरंग दल का उज्जैन महानगर अध्यक्ष, अजय अटूदे को खंडवा जिला कार्यकारी अध्यक्ष और सुमित खेतवास को जिला महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। बैठक में भोपाल क्षेत्र महामंत्री मूलचंद साध, मालवा प्रांत अध्यक्ष महंत ओम जी भारती, प्रांत महामंत्री किशोर यादव, प्रांत संगठन महामंत्री संजय यादव, प्रांत कोषाध्यक्ष मुकेश पाटीदार सहित उज्जैन, खंडवा, धार, झाबुआ, रतलाम और मंदसौर समेत मालवा प्रांत के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक से संबंधित जानकारी हिंदू हेल्पलाइन महानगर अध्यक्ष कुलदीप शर्मा द्वारा दी गई।
Related News
फर्जीवाड़े की नींव पर टिका स्मार्ट सिटी अस्पताल सील:न डॉक्टर मिले, न स्टाफ की डिग्री, हाइवा कांड आरोपी के अस्पताल का लाइसेंस निरस्त
ग्रामीण उद्यानिकी विकास अधिकारी से ठगी:क्रेडिट कार्ड सर्विस डीएक्टिवेट कराने के नाम पर फाइल भेजी, ओपन करते ही ठगे ₹2.25 लाख
अग्रवाल मेडिकल स्टोर से 6 लाख की अवैध दवाएं जब्त:मुरैना में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने पहुंची; युवक की मौत से जुड़ा मामला
ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन में तैनात हवलदार की मौत:चार दिन पहले ड्यूटी के बाद बिगड़ी थी तबीयत, मिलिस्ट्री हॉस्पिटल में तोड़ा दम
Comments
No approved comments yet.
