जजों की रिटायरमेंट बढ़ाने पर सक का सुझाव, राज्यों से 61 साल तक सेवा देने पर फैसला लेने को कहा
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि वे अपने-अपने हाईकोर्ट से परामर्श कर न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 61 वर्ष करने पर फैसला लें। अदालत ने कहा कि जहां राज्य सरकार और हाईकोर्ट सहमत होंगे, वहां न्यायिक अधिकारी 1 अप्रैल 2026 से 61 वर्ष की आयु तक सेवा जारी रख सकेंगे। हालांकि यह व्यवस्था मामले के अंतिम फैसले के अधीन रहेगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ जिला न्यायपालिका के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति आयु पूरे देश में 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने कहा कि सभी राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश अपने-अपने क्षेत्राधिकार वाले हाईकोर्ट से सलाह लेकर दो सप्ताह के भीतर अपना रुख रिकॉर्ड पर रखें। संबंधित हाईकोर्ट को भी इसी अवधि में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट पहुंची उद्धव सेना:6 सांसदों के शिंदे गुट में विलय को चुनौती शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में विलय को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को लोकसभा स्पीकर के कार्यालय और अन्य पक्षों से जवाब मांगा है। हालांकि अदालत ने फिलहाल किसी तरह की अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी। जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने शिवसेना (UBT) नेता अरविंद गणपत सावंत की याचिका पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया। बेंच ने कहा, "नोटिस जारी किया जाता है" और मामले को दो सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 18 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने से पहले शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के शिंदे गुट में विलय को मंजूरी दी थी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद लोकसभा में शिंदे की शिवसेना के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। दिल्ली के करोल बाग में बिल्डिंग में आग लगी, पीजी से 2 छात्र सुरक्षित निकाले गए दिल्ली के करोल बाग में बुधवार को एक बिल्डिंग में आग लग गई। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर पीजी चल रहा था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर चमड़े के जूते बनाने की एक छोटी फैक्ट्री चल रही थी। पीजी में रह रहे दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के आवश्यक इंतजाम किए हैं। फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दिल्ली में फर्जी 10वीं-12वीं की मार्कशीट बनाने वाला गिरोह पकड़ाया, 3 आरोपी गिरफ्तार दिल्ली पुलिस की शाहदरा स्पेशल स्टाफ ने फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट और सर्टिफिकेट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, प्रिंटर, दो फर्जी मार्कशीट और दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 30 जून को सूचना मिली थी कि शाहदरा का रहने वाला नवनीत त्यागी फर्जी सर्टिफिकेट और मार्कशीट तैयार कर बेचता है। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने एक जवान को ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया। आरोपी को व्हाट्सऐप पर फोटो, 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड भेजकर फर्जी 12वीं की मार्कशीट बनवाने की बात की गई। इसके बाद पुलिस ने शाहदरा के जीटी रोड स्थित विकास मॉल के पास छापा मारकर नवनीत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10वीं और 12वीं की दो फर्जी मार्कशीट मिलीं। पूछताछ में दो अन्य आरोपी सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी के नाम सामने आए। दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि तीनों ने करीब 100 से 150 फर्जी 10वीं-12वीं के सर्टिफिकेट और मार्कशीट बेचने की बात कबूल की है। वे एक दस्तावेज के बदले 5 हजार से 10 हजार रुपए लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी 'ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान' के समाप्त हो चुके रजिस्ट्रेशन का दुरुपयोग कर पिछली तारीखों के सर्टिफिकेट और मार्कशीट जारी कर रहे थे। दिल्ली के हुमायूं टॉम्ब म्यूजियम में सजेगी 2,500 दुर्लभ कलाकृतियों की प्रदर्शनी, 23 जुलाई को गैलरी का उद्घाटन दिल्ली के संस्कृति केंद्र में रखी करीब 2,500 दुर्लभ कलाकृतियों को अब हुमायूं टॉम्ब म्यूजियम में बनाई गई नई गैलरी में प्रदर्शित किया जाएगा। 'संस्कृति म्यूजियम: एवरीडे आर्ट एंड इंडियन टेक्सटाइल्स' नाम की इस गैलरी का उद्घाटन 23 जुलाई को होगा। आम लोग 1 अगस्त से इसे देख सकेंगे। इस प्रदर्शनी में 19वीं सदी का टाइगर मास्क, अविभाजित भारत की दुर्लभ साड़ियां, ढाका की जामदानी, पंजाब की फुलकारी, गुजरात की पाटन पटोला (डबल इकत), खिलौने, लोटे, दीपक, पानदान, गहनों के बॉक्स और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कई ऐतिहासिक सामान शामिल हैं। यह संग्रह उद्योगपति ओ. पी. जैन ने 1970 के दशक से जुटाना शुरू किया था। उन्होंने 2023 में अपनी ज्यादातर निजी संग्रह सामग्री इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) को राष्ट्र के नाम समर्पित कर दी थी। इसके बाद कलाकृतियों के संरक्षण और मरम्मत का काम किया गया। अब इन्हें अगले पांच सालों के लिए हुमायूं टॉम्ब म्यूजियम की नई गैलरी में रखा जाएगा। म्यूजियम परिसर में तमिलनाडु की अय्यनार टेराकोटा परंपरा के विशाल घोड़े और हाथी भी लगाए गए हैं। संस्कृति केंद्र का पुराना लकड़ी का नक्काशीदार प्रवेश द्वार भी यहां स्थापित किया गया है।
Related News
राज्यसभा में खड़गे बोले- प्रधान इस्तीफा दें, फिर चर्चा करेंगे:राहुल समेत कांग्रेस सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंचे; हंगामे के बीच दोनों सदन कल तक स्थगित
MP-राजस्थान समेत 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट:जम्मू-कश्मीर में बाढ़, 23 मौतें, वैष्णोदेवी-अमरनाथ यात्रा रुकी; यूपी के गांवों में मगरमच्छ घुसे
मोदी से मिले शरद पवार, बेटी सुप्रिया भी साथ थीं:NDA में शामिल होने के कयास, एक दिन पहले CJP चीफ दीपके से मिले थे
लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय पर महिला कार्यकर्ता लाठी लेकर तैनात:भाजपा की कांग्रेस दफ्तर घेराव की कोशिश; पटना में पत्थरबाजी, जयपुर में वाटर कैनन चलाई
Comments
No approved comments yet.
