Mediapramukh.com
राज्य

जबलपुर में पीडीएस अनाज की कालाबाजारी का खुलासा:मिनी ट्रक से 50 से ज्यादा बोरियां जब्त, मंडी में बेचने ले जा रहे थे; प्रशासन ने जब्त किया

AdminJuly 29, 2026
जबलपुर में पीडीएस अनाज की कालाबाजारी का खुलासा:मिनी ट्रक से 50 से ज्यादा बोरियां जब्त, मंडी में बेचने ले जा रहे थे; प्रशासन ने जब्त किया
जबलपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के शासकीय अनाज की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर एक जागरूक नागरिक की सूचना पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक से 50 से अधिक बोरियों में भरे गेहूं और चावल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घंटाघर निवासी रंजीत यादव अपनी बेटी को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। घमापुर क्षेत्र में उन्हें एक मिनी ट्रक संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर ट्रक में शासकीय टैग लगी गेहूं और चावल की बोरियां लदी मिलीं। इस पर उन्होंने वाहन रोककर चालक से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया। भीड़ ने घेरा ट्रक रंजीत यादव द्वारा पूछताछ किए जाने पर चालक और वाहन में बैठे लोगों से बहस हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मिनी ट्रक को चारों ओर से घेर लिया। पूछताछ के दौरान वाहन में मौजूद लोगों ने बताया कि अनाज बरेला क्षेत्र से लाया गया है और इसे मंडी में बेचने ले जाया जा रहा था। रंजीत यादव का दावा है कि शहर के उड़ीया मोहल्ला क्षेत्र से भी शासकीय अनाज की बोरियां ट्रक में लोड की गई थीं। गूगल से खोजा अधिकारी का नंबर रंजीत यादव के पास खाद्य विभाग के अधिकारियों का संपर्क नंबर नहीं था। उन्होंने मौके से ही गूगल पर फूड कंट्रोलर का नंबर खोजा और पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के कुछ देर बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। खाद्य विभाग ने शुरू की जांच खाद्य विभाग ने मिनी ट्रक से 50 से अधिक बोरियों में भरे गेहूं और चावल को जब्त कर उनके नमूने लिए हैं। विभाग अब यह जांच कर रहा है कि शासकीय राशन किस राशन दुकान से निकाला गया, उसे मंडी तक कैसे पहुंचाया जा रहा था और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Comments

No approved comments yet.