तलाक केस में राजीनामा का दबाव, फायरिंग का वीडियो:बहन की ससुराल पहुंचकर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, एक के बाद एक तीन गोलियां चलाई थीं
AdminJuly 28, 2026
शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर कॉलोनी में आधी रात को घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी महिला रिश्तेदार (फरियादी की पत्नी) के तलाक केस में राजीनामा कराने के लिए पीड़ित के घर पहुंचा था और दबाव बनाने के लिए तीन राउंड फायर कर फरार हो गया था। घटना 24-25 जुलाई की दरमियानी 1.53 बजे की है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। जिसके बाद फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आधी रात को 3 राउंड फायर कर फैलाई थी दहशत शहर के गोला का मंदिर स्थित महावीर कॉलोनी में रहने वाले हिमांशु राजपूत ने पुलिस को बताया कि 24 जुलाई की रात 11 बजे वह और उनका परिवार खाना खाने के बाद सो गए थे। रात 1.53 बजे घर के बाहर फायरिंग की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो सामने मनु परिहार पुत्र चंद्रपाल सिंह परिहार खड़ा हुआ था। वह हिमांशु का नाम लेकर बार-बार उसे ललकार रहा था और राजीनामा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इस दौरान 3 मिनट में ही बदमाश ने एक के बाद एक तीन गोलियां चला दीं। फायरिंग सीधे घर के निशाना बनाकर की गई थीं। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हिमांशु और उसके परिवार को जान से मारने की सीधी धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला था। पत्नी से चल रहा है तलाक का केस, ससुराल पक्ष से आया था आरोपी फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी को अभी महज दो साल ही हुए हैं। शादी के कुछ समय बाद ही उसका अपनी पत्नी शालिनी से विवाद शुरू हो गया, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और दोनों का तलाक का केस चल रहा है। फरियादी के मुताबिक, आरोपी मनु परिहार उसकी ससुराल पक्ष की तरफ से आया था और कोर्ट में चल रहे तलाक के केस को खत्म करने तथा मनमुताबिक राजीनामा करने के लिए उसे लंबे समय से धमका रहा था। राजीनामा न करने पर ही उसने रात में घर आकर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को दबोचा शिकायत सामने आते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनु परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और अवैध हथियार (कट्टा/पिस्तौल) की बरामदगी को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।
Related News
पूर्व मंत्री के भाई की मिल से 4 ट्रक जब्त:100 से ज्यादा खाली बोरियां मिली, इन्हीं वाहनों से फोर्टिफाइड चावल परिवहन किया
जबलपुर में देह व्यापार गिरोह का सरगना गिरफ्तार:नौकरी का झांसा देकर बाहर से युवतियों को बुलाकर अनैतिक कार्यों में करते है उपयोग
मकान विवाद में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:छतरपुर में भाजपा नेता पर घर में घुसकर मारपीट कर जहर पिलाने का आरोप
ऊर्जा विभाग में पदोन्नति की शिकायत पर फैसला:जिनके प्रमोशन रोके गए, सबके प्रमोशन करेंगी बिजली कंपनियां, 8500 हुए पदोन्नत
Comments
No approved comments yet.
