Mediapramukh.com
राज्य

पिता 8 वर्षीय बेटे का शव बाइक पर ले गया:सिंगरौली में कहा- 3 घंटे मांगने पर भी सरकारी अस्पताल से वाहन नहीं मिला

AdminAugust 2, 2026
पिता 8 वर्षीय बेटे का शव बाइक पर ले गया:सिंगरौली में कहा- 3 घंटे मांगने पर भी सरकारी अस्पताल से वाहन नहीं मिला
सिंगरौली जिले 100 किमी दूर चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक आठ साल के बच्चे की मौत के बाद परिजन को शव वाहन नहीं मिला। इसके बाद मजबूर पिता को अपने बेटे का शव मोटरसाइकिल पर रखकर गांव ले जाना पड़ा। इस घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना चितरंगी क्षेत्र के हरफरी गांव के रहने वाले बाबूलाल सिंह के परिवार के साथ हुई। उनके आठ साल के बेटे राकेश सिंह को शनिवार रात सांप ने काट लिया था। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए चितरंगी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां रविवार सुबह 9 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से नहीं मिला शव वाहन बच्चे की मौत के बाद परिजन ने अस्पताल प्रशासन से शव वाहन दिलाने को कहा। उनका आरोप है कि 12 बजे तक इंतजार करने और मदद मांगने के बाद भी उन्हें कोई गाड़ी नहीं मिली। आखिर में 1 बजे मजबूर होकर पिता ने अपने बेटे के शव को मोटरसाइकिल पर रखा और गांव के लिए रवाना हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गया है। अधिकारियों ने क्या कहा? इस मामले में जब चितरंगी के बीएमओ डॉ. हरिशंकर वैश्य से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुष्पराज सिंह ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की कोई सूचना नहीं मिली है।

Related News

Comments

No approved comments yet.