Mediapramukh.com
राज्य

पूर्व मंत्री के भाई की मिल से 4 ट्रक जब्त:100 से ज्यादा खाली बोरियां मिली, इन्हीं वाहनों से फोर्टिफाइड चावल परिवहन किया

AdminJuly 28, 2026
पूर्व मंत्री के भाई की मिल से 4 ट्रक जब्त:100 से ज्यादा खाली बोरियां मिली, इन्हीं वाहनों से फोर्टिफाइड चावल परिवहन किया
बालाघाट में चर्चित चावल घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को पूर्व मंत्री के भाई की फर्म हर्ष राइस मिल से चार ट्रक जब्त किए। इसके साथ ही मौके से 100 से ज्यादा खाली बोरियां भी मिली हैं। माना जा रहा है कि इन ट्रकों का इस्तेमाल एफसीआई से छिंदवाड़ा के बोरगांव स्थित एवीजे एथेनॉल प्लांट जाने वाले फोर्टिफाइड चावल को इधर-उधर करने में किया गया था। एसआईटी ने यह कदम 24 जुलाई को गिरफ्तार किए गए राइस मिल के पार्टनर विनोद शर्मा से मिली जानकारी के आधार पर उठाया है। विनोद शर्मा पूर्व मंत्री के भाई की फर्म में 20 फीसदी के हिस्सेदार हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद मामले में जब्त ट्रकों की कुल संख्या अब 26 हो गई है, जबकि खाली बोरियों का आंकड़ा भी हजारों में पहुँच चुका है। कैसे अंजाम दिया गया करोड़ों का घोटाला आरोप है कि बीते एक साल में गरीबों के लिए आने वाला लगभग 16 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा फोर्टिफाइड चावल एथेनॉल प्लांट के नाम पर एफसीआई गोदामों से निकाला गया। यह चावल प्लांट तक पहुंचने के बजाय बिचौलियों के जरिए राइस मिलर्स को बेच दिया गया। राइस मिलर्स ने इसी चावल की मिलिंग दिखाकर दोबारा सरकार को सौंप दिया और एथेनॉल प्लांट के साथ मिलकर मोटा मुनाफा कमाया। मामले पर गरमाई राजनीति घटना सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एफसीआई, नॉन विभाग और ट्रांसपोर्टरों पर भी सवाल खड़े किए हैं। पार्टी का कहना है कि जब सरकारी चावल ले जाने वाले ट्रकों में जीपीएस लगा होता है, तो इतनी बड़ी गड़बड़ी बिना मिलीभगत के संभव नहीं है।

Related News

Comments

No approved comments yet.