बीजेपी की मांग-जीतू पटवारी के प्रचार पर रोक लगे:चुनाव आयोग से की शिकायत; पीसीसी चीफ ने कहा था- BJP हर घर ₹5 हजार बांटेगी
AdminJuly 27, 2026
दतिया विधानसभा उपचुनाव में बयानबाजी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ मुख्य निर्वाचन आयुक्त से शिकायत की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि दतिया में चुनावी सभा के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शासकीय संस्थाओं के संबंध में तथ्यों से परे और तर्कहीन बयान दिए, जिससे मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। BJP ने निर्वाचन आयोग से मामले की जांच कर चुनाव प्रचार की बाकी बची अवधि के लिए पटवारी के दतिया में प्रवेश और चुनाव प्रचार पर रोक लगाने की मांग की है। ‘जीतू पटवारी के बयान निराधार, भ्रामक हैं’ भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि जीतू पटवारी के बयान निराधार, भ्रामक और अत्यंत आपत्तिजनक हैं। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के आरोपों से न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, बल्कि शासकीय संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी अनावश्यक सवाल खड़े किए गए हैं। बीजेपी ने कहा- कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है भाजपा का कहना है कि ऐसे बयान चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं और दतिया में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह आचरण आदर्श आचार संहिता की भावना के विपरीत है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला है। शिकायत में निर्वाचन आयोग से आग्रह किया गया है कि मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही मांग की गई है कि मतदान तक की शेष चुनावी अवधि के लिए जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश और चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि मतदाता शांतिपूर्ण और निर्भय वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जीतू पटवारी के दतिया में दिए गए बयान बीजेपी हर घर पांच हजार रुपए बांटेगी
जीतू पटवारी ने 26 जुलाई को दतिया के डांग करेरा में कहा- बीजेपी ने दतिया में 50 करोड़ रुपए मंगा लिए हैं। मोहन यादव जी ने कहा हर घर में पांच-पांच हजार रुपए बांट दो और वोट ले लो। मैं आप सबसे आग्रह कर रहा हूं कि पांच हजार रुपए बांटने के लिए पुलिस आएगी, सरकारी कर्मचारी आएंगे। 5 हजार रुपए उनके कार्यकर्ता भी बांटेंगे। एंबुलेंस, पुलिस की गाड़ी में पैसे आएंगे। शराब की पेटियां आएंगी। सरकार चुनाव लड़ेगी तो इससे हम लोग कैसे लडेंगे? सबको घर-घर जाकर गांव में कह दो कि वो पांच हजार रुपए बांटने आ रहे हैं ले लो। लेकिन, कुछ भी हो जाए वोट कांग्रेस और पंजे को दो। बीजेपी के पांच-पांच हजार रुपए आ रहे हैं। अगर बीच में पांच हजार रुपए न दे तो समझ लेना कि जितने पैसे कम मिले, उतने बीच में बांटने वाले ने रख लिए। मैं जो बात कर रहा हूं, वो सही है इंटेलिजेंस ने मुझे बताया है। घर-घर ये तैयारी चल रही है। अपना काम कांग्रेस और आम जन का काम है, पैसे बांटेंगे तो आप रोक नहीं पाओगे। पांच हजार से कम दें तो यह समझ लेना कि बीच में बांटने वाले चोरी कर रहे हैं। जीतू बोले- जिस होटल में बीजेपी का ऑफिस, उसके एक कमरे में 5 करोड़ आए जीतू पटवारी ने दतिया उपचुनाव की एक सभा में कहा- 50 करोड़ रुपए आज ही दतिया की धरती पर उतरे हैं। जिस होटल में बीजेपी का कार्यालय है, उसके 408 नंबर में 5 करोड़ रुपए अभी उतरे थे और गए हैं। मुझे पता है, कौन लाया था, कहां ले गया?। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि भाजपा के पास चुनाव जीतने के दो हथियार हैं। एक है अकूत संपत्ति से एक लाख वोट लेने का टारगेट है, 50 करोड़ रुपए बांटना है। एक वोट को पांच हजार रुपए देकर खरीदना है। दूसरा हथियार है, पोलिंग बूथ लूटना है। आज ही उन्होंने छह सात टीआई बदल दिए, किसी ने थानेदारों की शिकायत नहीं की। वो इसलिए बदल दिए क्योंकि वो नरोत्तम मिश्रा के करीबी थे। उनको नरोत्तम मिश्रा पर भी भरोसा नहीं हैं। नरोत्तम मिश्रा के टीआई को हटाकर अपने टीआई लाएंगे। वो पुलिस की गाड़ी में पैसा और दारू लाएंगे। छह बदमाश एक माह के लिए जिला बदर दतिया विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल वानखेड़े ने पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर छह व्यक्तियों को एक माह के लिए जिला बदर कर दिया है। जिला बदर किए गए लोग मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत जारी आदेश के अनुसार ये सभी दतिया सहित शिवपुरी, ग्वालियर और भिंड की राजस्व सीमाओं से एक माह तक बाहर रहेंगे। निष्कासन अवधि के दौरान उन्हें प्रत्येक माह अपने निवास की जानकारी संबंधित थाने को देना अनिवार्य होगा।
Related News
इंदौर में 8 करोड़ की शासकीय राशि का गबन:पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड लिया, खाते में आए थे 13.72 लाख रुपए
इंदौर के वकील से 1.40 लाख की ऑनलाइन ठगी:फर्जी ट्रैवल पैकेज के नाम पर लगाया चूना, दक्षिण भारत यात्रा के नाम पर भेजा था फर्जी पैकेज
बाइक सवारों ने मारी टक्कर, 20 फीट तक घसीटा, वीडियो:भागवत सुनकर लौट रही थी बुजुर्ग महिला, सिर व शरीर में गंभीर चोट, हालत नाजुक
युवती को सरेराह अर्धनग्न किया, टी-शर्ट फाड़ी:ग्वालियर में युवक ने की बदसलूकी, 15 दिन बाद VIDEO वायरल, किसी ने नहीं की शिकायत
Comments
No approved comments yet.
