Mediapramukh.com
राज्य

मंत्री के सामने कांग्रेस नेता को जड़ा थप्पड़, VIDEO:BJP विधायक के बेटे से जिला पंचायत अध्यक्ष की बहस; थाने ले जाते समय बुजुर्ग ने पीटा

AdminJuly 24, 2026
मंत्री के सामने कांग्रेस नेता को जड़ा थप्पड़, VIDEO:BJP विधायक के बेटे से जिला पंचायत अध्यक्ष की बहस; थाने ले जाते समय बुजुर्ग ने पीटा
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के सामने शुक्रवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नरसिंहगढ़ में लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया की मंच पर विधायक मोहन शर्मा के बेटे से बहस हो गई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस उन्हें मंच से नीचे ले जाने लगी। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग ने उनके गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद पुलिस सोंधिया को थाने ले गई, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरसिंहगढ़ थाने का घेराव कर दिया। यह घटना बस स्टैंड स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम की है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, विधायक मोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा समेत प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पहले मंच पर बुलाया, फिर शुरू हुआ विवाद युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा के मुताबिक जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत यादव और अन्य कांग्रेस नेता कार्यक्रम में पहुंचे थे। शुरुआत में पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया, लेकिन कुछ देर बाद तहसीलदार ने प्रवेश की अनुमति दी। पहले सभी नेता मंच के सामने बैठे। बाद में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने चंदर सिंह सोंधिया को मंच पर बुलाया। विधायक के बेटे से कहासुनी, फिर धक्का-मुक्की अरोरा का आरोप है कि मंच पर पहुंचने के बाद सोंधिया प्रभारी मंत्री और कलेक्टर से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान विधायक मोहन शर्मा के बेटे ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। पिटाई के बाद सुरक्षा के बीच थाने ले गई पुलिस माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने बीच-बचाव किया और सोंधिया को मंच से नीचे उतारकर अपने साथ ले जाने लगी। पुलिस जब सोंधिया को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जा रही थी, तभी भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग आगे आया और उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद पुलिस उन्हें सुरक्षा के बीच नरसिंहगढ़ थाने ले गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का किया घेराव घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नरसिंहगढ़ थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने का घेराव कर दिया। काफी देर तक थाने के बाहर तनाव की स्थिति बनी रही। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Related News

Comments

No approved comments yet.