राजगढ़ के बिट्टू की जिद ने दिल जीता:तैरना नहीं आता, फिर भी नदी साफ की; CM ने कहा- हमारा छोटा बिट्टू
AdminSeptember 5, 2026
राजगढ़ ब्यावरा की अजनार नदी को साफ करने के लिए अकेले मुहिम शुरू करने वाले 20 साल के बीएससी छात्र बिट्टू ‘तबाही’ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। बिट्टू को तैरना नहीं आता, इसके बावजूद वह नदी में उतरकर प्लास्टिक, पूजा सामग्री और दूसरा कचरा निकालता रहा। उसकी सफाई मुहिम के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। इसके जरिए उसकी कहानी देश-विदेश तक पहुंची। बिट्टू की पहल से प्रभावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उसे भोपाल बुलाया। सीएम हाउस में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उसकी पीठ थपथपाई और कहा, “पवित्र काम करा, अच्छा लगा... बिट्टू हमारा छोटा बिट्टू।” मुख्यमंत्री ने उसे ‘जय श्री महाकाल’ का दुपट्टा पहनाकर प्रशंसा पत्र से सम्मानित भी किया। बिट्टू बोला- सरकार अपना काम कर रही, लोगों को भी सुधरना होगा मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान बिट्टू ने नदी की सफाई को लेकर कहा कि सरकार अपने स्तर पर काम कर रही है, लेकिन लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उसने कहा, “सरकार तो कर ही रही है नदी के लिए, मगर लोगों को भी सुधरना चाहिए। हमें और जो नए युवा आ रहे हैं, उन्हें भी सुधरना चाहिए कि नदी को सुधारकर रखें।” बिट्टू का कहना है कि नदी में कचरा डालने की आदत नहीं बदली तो केवल सफाई करने से समस्या खत्म नहीं होगी। लोगों को खुद आगे आकर नदियों और पर्यावरण को साफ रखने की शुरुआत करनी होगी। CM बोले- तीन साल से जल संरक्षण पर लगातार काम कर रहे मुख्यमंत्री ने बिट्टू से कहा कि सरकार पिछले तीन साल से जल संरक्षण को लेकर लगातार काम कर रही है। कुएं, बावड़ी, नदी और तालाबों के संरक्षण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बिट्टू की पहल को इसी सोच से जोड़ते हुए उसके प्रयास की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन का आधार है और पानी के महत्व को समझते हुए युवाओं को भी आगे आकर काम करना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिट्टू को ‘जय श्री महाकाल’ का दुपट्टा पहनाया और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। तैरना नहीं आता, फिर भी गंदे पानी में उतरता रहा अजनार नदी में प्लास्टिक, पूजा सामग्री और दूसरे कचरे का ढेर देखकर बिट्टू ने सफाई का बीड़ा उठाया। तैरना नहीं आने के बावजूद वह नदी के गंदे पानी में उतरकर कचरा बाहर निकालता रहा। सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण उसके हाथों में इंफेक्शन भी हुआ। इसके बावजूद उसने सफाई अभियान नहीं छोड़ा। दोस्तों के साथ मिलकर उसने सफाई के उपकरण और डस्टबिन खरीदे। अब तक वह करीब 30 हजार रुपए अपनी जेब से खर्च कर चुका है। बिट्टू नदी से निकलने वाली पूजा सामग्री को अलग कर उससे कंपोस्ट बनाने का काम भी शुरू कर चुका है। सफाई के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे बिट्टू के सफाई अभियान के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे हैं। लोगों ने उसके प्रयास की सराहना की। भारत के अलावा विदेशों से भी उसके काम को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वहीं, कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वह लाइक्स और पब्लिसिटी के लिए सफाई अभियान चला रहा है। बिट्टू ने इन बातों को नजरअंदाज किया और अपना अभियान जारी रखा। बिट्टू की अपील- घर की तरह आसपास का पर्यावरण भी साफ रखें मुख्यमंत्री से सम्मान मिलने के बाद बिट्टू ने लोगों से पर्यावरण स्वच्छ रखने की अपील की। उसने कहा, “जिस तरह आप अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखें। मैंने अपने मिशन की शुरुआत की है, आप भी शुरुआत करें। अगर आपको आसपास गंदगी दिखे तो खुद आगे आएं।” ‘तबाही’ नाम से ज्यादा अब नदी सफाई से पहचान बिट्टू का सरनेम ‘तबाही’ है, लेकिन उसकी पहचान अब इस नाम से ज्यादा अजनार नदी की सफाई मुहिम से बन रही है। जिस नदी में गंदगी देखकर उसने अकेले सफाई शुरू की थी, उसी पहल के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं और इसी काम के चलते वह मुख्यमंत्री तक पहुंचा। ये भी खबर पढ़े:- क्रिकेट खेलने के बहाने निकले और नदी साफ कर दी:तैरना नहीं आता, लेकिन पानी में उतरे 18 और 20 साल के तीन दोस्त भोपाल से 119 किलोमीटर दूर ब्यावरा के 3 दोस्तों की इन दिनों देश-दुनिया में चर्चा है। 20 और 18-18 साल के तीनों दोस्त एक ही मोहल्ले में रहते हैं। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जब लोग राष्ट्रगान कर रहे थे, उसी समय इन्होंने अजनार नदी की सफाई का संकल्प लिया। पूरी खबर पढ़ें
Related News
शिवपुरी में छात्राओं के सामने साइकिल स्टंट:वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने युवक को पकड़ा, भेजा जेल
ग्वालियर में 500 बच्चों को पढ़ा रहे रिटायर्ड बैंक मैनेजर:पत्नी के निधन के बाद गरीब बच्चों को पढ़ाना ही बना लिया जिंदगी का उद्देश्य
ट्रक ने सास-बहू समेत 3 महिलाओं को कुचला, मौत:मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव देखकर लौट रहीं थीं, बेकाबू ट्रक दुकानों में घुसा; ड्राइवर पकड़ा गया
फीस में सिर्फ एक पौधा, 250 को बनाया आर्मी अफसर:ऑपरेशन सिंदूर के शूरवीरों के गुरु; महू के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल की अनोखी पाठशाला
Comments
No approved comments yet.
